

बदायूं। हाफिज सद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं में आयोजित 42वीं जनपदीय त्रिदिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह का समापन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 143 अंक प्राप्त कर कादरचौक ने ऑल ओवर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि 75 अंकों के साथ उझानी उपविजेता रहा। खास बात यह रही कि कादरचौक ने लगातार 11वीं बार चैंपियन बनकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
समापन समारोह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह, टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेमानंद शर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी एवं प्रदीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संविलयन विद्यालय असरासी कादरचौक की छात्राओं द्वारा पीटी प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय दियोरिया म्याऊं की छात्राओं ने “मोबाइल के प्रयोग की लत लग गई” शीर्षक से जागरूकता प्रस्तुति दी। इसके साथ ही द्रोपदी चीरहरण पर आधारित नाटिका ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों को स्वस्थ और सशक्त बनाती हैं। इन्हीं प्रतियोगिताओं से निकलकर बच्चे आगे चलकर प्रदेश व देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजीव शर्मा ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता की आख्या प्रस्तुत की।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप
- प्राथमिक स्तर बालक वर्ग: प्रशांत (संविलयन विद्यालय बोंदरी, कादरचौक)
- प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग: सगोपी (संविलयन विद्यालय जलालपुर, कादरचौक)
- उच्च प्राथमिक बालक वर्ग: आकाश (उ.प्रा. विद्यालय तेहरा, उझानी)
- उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग: दीक्षा (संविलयन विद्यालय अरसिस, सलारपुर)
प्रमुख प्रतियोगिताओं के परिणाम
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर पर खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, पीटी प्रदर्शन, समूह गान एवं एकांकी नाटक सहित विभिन्न खेलों व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कादरचौक, अंबियापुर, दहगवां, सलारपुर, उझानी, इस्लामनगर, म्याऊं व जगत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों, खेल अनुदेशकों व व्यायाम शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, व्यायाम शिक्षक, अनुदेशक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























