बदायूं। सर्राफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर पर ज्येष्ठ मास का अंतिम बड़ा मंगल पर्व 23 जून, मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति भाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि प्रातः 7:30 बजे कलयुग के जागृत देव एवं भगवान श्रीराम के परम प्रिय भक्त पवनपुत्र श्री हनुमान जी को चमेली के तेल और सिंदूर से लेपन कर चांदी के वर्क के साथ चोला चढ़ाया जाएगा। इसके बाद नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से श्री हनुमान जी का भव्य-दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। आरती उतारकर लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।

ज्येष्ठ मास की तेज धूप को देखते हुए मंदिर परिसर की ओर से दोपहर 12 बजे से शाम तक राहगीरों के लिए शीतल शरबत वितरण की व्यवस्था की गई है। इससे बाजार क्षेत्र और आसपास से गुजरने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

पंडित सुधीर मिश्रा ने कहा कि श्री हनुमान जी कलयुग के जागृत देव हैं और उनकी कृपा से भक्तों के रोग, शोक एवं जीवन के अनेक संकट दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने के लिए भगवान श्रीराम की आराधना और सच्चे मन से सेवा भाव जरूरी है।

अंतिम बड़े मंगल के अवसर पर शाम 7:30 बजे सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

इस मौके पर राजकुमार सिंह सेंगर, अजय रस्तोगी, आलोक भारद्वाज, मुकुल जोशी, प्रदीप पटवा, कन्हैया मिश्रा, रामगोपाल पटवा, अशोक पटवा, संजय राणा, वंश मिश्रा, नितिन रस्तोगी एवं नरेश प्रजापति उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here