बिल्सी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुधनी में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक गर्भवती नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान उजाला (पत्नी अशोक जाटव) के रूप में हुई है। बताया गया कि उजाला घर में अकेली थी और उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका का पति अशोक जाटव हरियाणा के सोहना क्षेत्र में मजदूरी करता है, जबकि उसकी सास चंद्रवती शाम के समय खेत पर मिर्च तोड़ने गई हुई थीं। इसी दौरान यह दुखद घटना घटित हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि मृतका की शादी जून 2025 में ग्राम सिरसोल निवासी युवक अशोक जाटव से हुई थी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here