बिल्सी (बदायूं)। नगर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाया गया। सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, बैंकों और सामाजिक संगठनों में ध्वजारोहण कर संविधान और लोकतंत्र के प्रति आस्था व्यक्त की गई।

गणतंत्र दिवस का मुख्य आकर्षण सिटी हार्टमैन स्कूल की भव्य परेड रही।
मोहल्ला नंबर पाँच स्थित सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम से प्रातः 10 बजे बैंड-बाजों और देशभक्ति नारों के साथ निकली परेड ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। अटल चौक पर उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने परेड की सलामी ली एवं ध्वजारोहण किया। परेड मुख्य बाजार होते हुए विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में दुकानदारों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक एवं सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम के महंत पं. मटरूमल शर्मा (महाराज), तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, सिटी इंचार्ज विदेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य रविचंद्र वार्ष्णेय सहित गणमान्य नागरिक व विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

वहीं फ्यूचर लीडर्स स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति की जीवंत मिसाल बना।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और ओजपूर्ण भाषणों से समां बांध दिया। मुख्य अतिथि डॉ. राजीव सिंह सहित विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम में संविधान, नागरिक कर्तव्यों और नेतृत्व मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा तहसील कार्यालय, नगर पालिका परिषद, कोतवाली, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों, स्कूलों व अन्य संस्थानों में भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया।

एसडीआर मोटर्स एंड एग्रो मार्ट द्वारा न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा भी नगर और ग्रामीण क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही, जिसने किसानों में उत्साह और भरोसे का संदेश दिया।

77वां गणतंत्र दिवस बिल्सी में केवल एक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिकता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here