बदायूं, 24 जून। बीएसएनएल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए भारतनेट परियोजना और नई फाइबर ब्रॉडबैंड योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रहा है। सहायक महाप्रबंधक बीएसएनएल दूरसंचार बदायूं मयंक रस्तोगी ने बताया कि बीएसएनएल का लक्ष्य “हर घर फाइबर, हर गांव डिजिटल” है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 259 रुपये प्रतिमाह का रूरल एंट्री फाइबर प्लान शुरू किया गया है, जिसमें 25 एमबीपीएस तक इंटरनेट स्पीड, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म की सुविधा दी जा रही है।
भारतनेट परियोजना के तहत जनपद की ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। नेटवर्क को रिंग प्रणाली से जोड़ने की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि फाइबर कट होने पर भी इंटरनेट सेवाएं बाधित न हों।
मयंक रस्तोगी ने बताया कि भारतनेट उद्यमी योजना के तहत स्थानीय युवा, केबल ऑपरेटर और इच्छुक नागरिक बीएसएनएल के साथ जुड़कर एफटीटीएच सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने युवाओं से डिजिटल भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।


























