
बदायूं। बदायूं औषधि विक्रेता संघ की ओर से कांवड़ यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से निःशुल्क औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज स्थित अंश मेडिकल स्टोर पर लगाए गए इस सेवा शिविर का शुभारंभ नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री महेश चंद्र गुप्ता तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सीएल यादव ने किया।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष अखिल रस्तोगी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविर की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों है।
शिविर में कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। संघ की ओर से शिविर के माध्यम से कांवड़ यात्रियों को हरसंभव स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर दिनेश गोयल, रंजीत सिंह, हेमंत सारस्वत, तनुज रस्तोगी, राजेश रस्तोगी, अशोक नारंग सहित औषधि विक्रेता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। वहीं बिल्सी के व्यापारी नेता लवकुश वार्ष्णेय भी बिल्सी के व्यापारियों के साथ शिविर में उपस्थित रहे।
कांवड़ सेवा के दौरान आयोजित इस निःशुल्क औषधि शिविर को लेकर संघ के सदस्यों में उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेवा कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।


























