बदायूं: जनपद बदायूं में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर नगर, कस्बों और शैक्षणिक संस्थानों तक राष्ट्रध्वज फहराया गया और संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।

वहीं कलेक्ट्रेट बदायूं में जिलाधिकारी अवनीश राय ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को देश में लागू हुआ, जो भारत की लोकतांत्रिक आत्मा का आधार है।

इसके उपरांत कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पर डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।

बदायूं क्लब में सीडीओ ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

बदायूं क्लब में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

जनपद की सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं गांधी ग्राउंड से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः गांधी ग्राउंड पर संपन्न हुई।
समस्त शैक्षणिक संस्थानों, जिला चिकित्सालय सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण एवं फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

लिलिपुट प्ले स्कूल में नन्हे बच्चों ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण

लिलिपुट प्ले स्कूल, बदायूं में गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय के निदेशक के. बी. गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद बच्चों व शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाया।

नन्हे-नन्हे बच्चों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए, नारे लगाए और पेपर क्राफ्टिंग व हैंडप्रिंट गतिविधियों के माध्यम से तिरंगे व भारत माता की सुंदर कलाकृतियाँ बनाईं। बच्चों को बूँदी का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या दीपिका शर्मा सहित रुपाली, दिव्या, मानसी, शिखा आदि शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में संविधान जागरूकता पर नाटक

पंजाबी चौक स्थित श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ।
छात्र-छात्राओं ने कविता, भाषण, नृत्य प्रस्तुत किए तथा संविधान की जागरूकता पर आधारित नाटक के माध्यम से मौलिक अधिकारों—न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व—का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम अग्रवाल, उपाध्यक्ष वीना कोचर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सावली शर्मा व परमीत कौर ने किया।

लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में गरिमामय आयोजन

लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, बदायूं में संस्थापक वेदव्रत त्रिवेदी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम सिंघल (अपर जिला जज) ने विद्यार्थियों को संविधान, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण पर प्रेरणादायक संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं भाषण दिए, जिनमें संविधान की विशेषताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण किया गया। विद्यालय परिवार ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

77वां गणतंत्र दिवस बदायूं जनपद में एकता, अनुशासन और देशभक्ति के संदेश के साथ मनाया गया। प्रशासनिक कार्यक्रमों से लेकर विद्यालयी आयोजनों तक हर जगह संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की झलक साफ दिखाई दी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here