बदायूं: 77वें गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर जनपद बदायूं के लिए गर्व और सम्मान का क्षण सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद बदायूं में तैनात क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्री रजनीश कुमार उपाध्याय को उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए वीरता पदक (Medal for Gallantry–GM) से सम्मानित किया गया है।

यह वीरता पदक सीओ सिटी श्री रजनीश कुमार उपाध्याय को वर्ष 16 मार्च 2020 की एक साहसिक कार्रवाई के लिए प्रदान किया गया है। उस समय वे जनपद सहारनपुर में क्षेत्राधिकारी नगर (प्रथम) के पद पर तैनात थे। देर रात थाना मण्डी क्षेत्र अंतर्गत उन्होंने थानाध्यक्ष मण्डी एवं अभिसूचना विंग की संयुक्त टीम के साथ एक अत्यंत जोखिमपूर्ण मुठभेड़ का नेतृत्व किया था।

इस मुठभेड़ में ₹50,000 के इनामी, कुख्यात अपराधी को मार गिराया गया था, जिसके विरुद्ध विभिन्न थानों में 18 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उक्त अपराधी क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी। सीओ सिटी श्री उपाध्याय ने अपनी सूझबूझ, रणनीति और साहस का परिचय देते हुए इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।

सीओ सिटी को मिले इस सम्मान से जनपद बदायूं पुलिस बल में उत्साह और गर्व का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इसे पूरे जनपद के लिए सम्मान बताते हुए कहा कि यह पुरस्कार ईमानदार और साहसी पुलिसिंग की पहचान है।

जनपद के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से बदायूं का नाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

उक्त जानकारी बदायूं पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा साझा की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here