



बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) वीरेंद्र कुमार सिंह से मुलाकात की।
वार्ता के दौरान संजीव शर्मा ने 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों की चयन वेतनमान से जुड़ी पत्रावलियों को सामूहिक रूप से स्वीकृत किए जाने की मांग रखी। उन्होंने जीपीएफ से ऋण प्रक्रिया पूर्ण कर चुके शिक्षकों की लंबित फाइलों के शीघ्र निस्तारण की भी अपील की।
शिक्षकों ने बीएलओ ड्यूटी से मुक्त किए जाने की भी मांग रखी। बताया गया कि तहसील स्तर पर शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में लगाई जा रही है, जिससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य, मध्यान्ह भोजन योजना, डीबीटी कार्य, निपुण लक्ष्य और यू-डाइस जैसे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जबकि उच्च न्यायालय द्वारा शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त रखने का स्पष्ट आदेश दिया जा चुका है।
जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने कहा कि कई शिक्षक-शिक्षिकाएं 60 वर्षीय सेवानिवृत्ति विकल्प के तहत आवेदन कर चुके हैं, लेकिन उनकी पत्रावलियां लंबे समय से लंबित हैं। इनके शीघ्र निस्तारण का अनुरोध किया गया। साथ ही, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के तहत दूसरे जिलों से आए शिक्षकों का ऑनलाइन सत्यापन पूर्ण कर वेतन आहरण हेतु आदेश जारी करने की भी मांग की गई।
एक ही पद पर 20 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों के प्रोन्नत वेतनमान की स्वीकृति को लेकर भी शिक्षक प्रतिनिधियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पटल सहायकों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मुद्दों का जल्द समाधान किए जाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, उपाध्यक्ष हरीश यादव, उझानी अध्यक्ष अरविंद दीक्षित, तहसील अध्यक्ष राधेश्याम, दातागंज अध्यक्ष अनुराग यादव, समरेर अध्यक्ष संजय यादव, जगत अध्यक्ष डॉ. पंकज पाठक, मंत्री अमित यादव (जगत), सलमान खान (वजीरगंज), गुरचरण दास (समरेर), उज़ैर अहमद, जमाल अहमद, आयुष भारद्वाज सहित अनेक शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


























