



बदायूं। श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी बदायूं के बिरवाबाड़ी मंदिर परिसर में तीज उत्सव भव्य एवं भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालु जनों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर श्री गौर-निताई को युगल सरकार (राधा-कृष्ण) के रूप में विशेष श्रृंगारित किया गया। श्रद्धालुओं ने राधा रानी को सोलह श्रृंगार अर्पित किया और भावभरे भजनों व संकीर्तन के साथ झूलन उत्सव का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मधुर भजन-कीर्तन के साथ भक्तगण झूमते और नृत्य करते नज़र आए।
तेजस्वी संकीर्तन के पश्चात आरती सम्पन्न हुई और उसके उपरांत सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उल्लास, श्रद्धा और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पंकज, ऋषिराम, श्याम, शरद, अरुण, नरेंद्र, पवन, आशीष, अनिल, अभिषेक, गौरांग, वरुण, कृष्णा एवं अग्र सहित कई वैष्णव जनों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने तन-मन-धन से सेवाभाव से भागीदारी निभाई और कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.) बदायूं द्वारा आयोजित यह तीज उत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद का स्रोत बनता जा रहा है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों और भक्तों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अगले आयोजन के लिए भी सभी से जुड़ाव बनाए रखने की अपील की।


























