बिल्सी (बदायूं) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजाद नगर में गुरुवार रात एक हृदयविदारक वारदात में अज्ञात हमलावरों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग रामपाल शर्मा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब गांव में पास ही एक बारात चढ़ रही थी और अधिकांश लोग शादी समारोह में व्यस्त थे।
मृतक के पुत्र बृजेश शर्मा ने बताया कि गांव में पड़ोस के एक घर में शादी समारोह था, जिससे घर के सभी लोग व्यस्त थे। बारात देर रात तक गांव में ही थी। इसी बीच रामपाल शर्मा रोज़ की तरह घर के दालान में चारपाई पर सो गए। उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रामपाल का बेटा छत पर सो रहा था। रात में किसी आहट के बाद जब वह नीचे आया तो खून से लथपथ अपने पिता की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए हैं और हत्या की वजह की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे रंजिश या लूटपाट की आशंका सहित हर पहलू से जांच कर रही है। गांव में मातम पसरा है और लोग इस निर्मम हत्या से सहमे हुए हैं।
ग्रामीणों में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गांव में अचानक हुई इस वारदात से ग्रामीणों में डर का माहौल है। वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हत्या के पीछे किसी आपसी रंजिश की आशंका भी जता रहे हैं।
थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही खुलासे का भरोसा दिलाया है।


























