बदायूं। नगर के राजमहल गार्डन में “एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा” मंत्र के ऋषि सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों के दो दिवसीय दिव्य सत्संग का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ईश प्रार्थना से की गई। इसके बाद उपस्थित धर्मप्रेमियों ने बाबा का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।

सत्संग में सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों ने कहा कि मनुष्य का शरीर पाप और पुण्य का रथ है, जिस पर ज्योति स्वरूप आत्मा सवार है। जो व्यक्ति धर्म को अपना सारथी बनाता है, वही भवसागर और जन्म-मरण के बंधन से पार हो सकता है। उन्होंने कहा कि शुभ और पुण्य कर्मों को जीवन का साथी बनाने वाला व्यक्ति ही परमात्मा के द्वार तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि सतगुरु की सीख को मानने वाला व्यक्ति जीवन के दुखों से ऊपर उठने की शक्ति प्राप्त करता है। निराकार परमात्मा के नाम का निरंतर स्मरण करने से आत्मा का प्रकाश बढ़ता है और मनुष्य के भीतर का अंधकार दूर होता है। बाबा ने कहा कि सांस-सांस पर परमेश्वर का सुमिरन करने वाला व्यक्ति प्रभु के निकट पहुंचता है और उसका जीवन सार्थक बनता है।

सत्पुरुष बाबा ने कहा कि आज संसार भले ही सुनहरा और सुहावना दिखाई देता हो, लेकिन मृत्यु का सत्य हर व्यक्ति के साथ जुड़ा हुआ है। इसलिए मनुष्य को समय रहते धर्म, सेवा, सदाचार और सत्कर्मों के मार्ग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के विचारों और आचरण में विष भरा होता है, उनकी बुद्धि भटकती रहती है, जबकि गुरु के चरणों की शरण में आने से जीवन के कांटे भी मधुबन बन जाते हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि परम पुरुष एवं सच्चे सतगुरु की कृपा जिस पर हो जाती है, उसका जीवन प्रकाशमय हो जाता है। धर्म के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति ही जीवन की वास्तविक सफलता और मोक्ष का अधिकारी बनता है, जबकि मनमाना आचरण और पापकर्म करने वाला व्यक्ति स्वयं अपने जीवन को कठिनाइयों में डाल देता है।

सत्संग के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंत्र दीक्षा ग्रहण की। पूरे कार्यक्रम के दौरान “एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा” के जयघोष से राजमहल गार्डन का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

इस अवसर पर जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, राजेश कुमार, अमित यादव, आयुष भारद्वाज, अक्षत, कौस्तुभ, प्रखर, डॉ. प्रतिष्ठा, मीना रानी, राजेश्वरी राठौर, रजनी यादव, प्रेमलता, अंजू रानी, हरीश यादव, ऋषिपाल, भगवान सिंह, रामावतार मिश्रा, सुशील शर्मा, अरुण शर्मा, तेज प्रकाश शर्मा, रोहिताश सिंह, मो. अराफात, मो. उजैर अहमद, कमल, वैभव शर्मा, जवाहर रस्तोगी, राजेंद्र प्रसाद, रमन सिंह, नदीम अंसारी, सुधीर सक्सेना समेत बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here