पंडित जी पेट्रोल पंप के पास दहशत का माहौल,पम्प के सामने दुकानदार की भूमिका भी संदिग्ध

बदायूं। शहर में एक बार फिर बाइकर्स गैंग ने मारपीट के साथ तमंचा लहराकर आतंक मचाया है। पंडित जी पेट्रोल पंप के सामने एक दुकान पर पहले से घात लगाए बैठे एक गुट ने दुसरे गुट के छात्रों के लिकलते ही हमला बोल दिया दोनों गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान बाइकर्स गैंग के एक सदस्य ने खुलेआम तमंचा लहराकर दहशत फैला दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो छात्र गुटों के बीच पहले से ही कोई विवाद था जिसे एक गुट प्लानिंग कर बदला लेने के उद्देश्य से घात लगाकर हमला बोल दिया,इस दौरान बाइक सवार युवकों का एक गिरोह मौके पर पहुंचा और मारपीट करने लगा। इसी बीच एक युवक ने कमर से तमंचा निकाला और फायरिंग की कोशिश की, लेकिन फायर मिस हो गया।

भीड़ में दहशत, दुकान बंद कर भागा संदिग्ध दुकानदार

घटना के दौरान आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोली चलने की आवाज तो नहीं आई लेकिन तमंचा लहराने और गालीगलौज से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पम्प के सामने की दुकान के दुकानदार की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह अपनी दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मौके से एक युवक को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि, “घटना की जांच की जा रही है। छात्रों के दो गुटों में आपसी विवाद था, जिसमें बाहरी युवकों की संलिप्तता की भी पुष्टि हुई है। तमंचा लहराने की पुष्टि के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

शहर में बढ़ती बाइकर गैंग की घटनाएं, पुलिस पर उठे सवाल

इससे पहले भी बदायूं शहर में बाइकर्स गैंग द्वारा छेड़छाड़, धमकी, मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। खुलेआम तमंचा लहराना अब आमजन के लिए दहशत बनता जा रहा है, जिससे आम जनता में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त में ढील और असामाजिक तत्वों पर सत्ता के दबाब के चलते नरमी का ही परिणाम है कि ऐसे बाइकर्स गैंग बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

प्रशासन से मांग:
स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने एसपी से मांग की है कि शहर में सक्रिय बाइकर्स गैंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। इस रोड पर दो पेट्रोल पम्प, एक इंटर कॉलेज सहित कई नामी ग्रामी डॉक्टर और कोचिंग सेंटर भी हैं इसको देखते हुए पंडित जी पेट्रोल पंप क्षेत्र में पुलिस पिकेट स्थापित कर लगातार गश्त की जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here