





बिल्सी (बदायूं), 23 जून। ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार के अवसर पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान श्री हनुमान जी का विशेष पूजन-अर्चन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया गया। सुबह से ही विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिरों में बाबा को विशेष चोला चढ़ाकर भव्य श्रृंगार किया गया, वहीं सुंदरकांड, हनुमान चालीसा पाठ और विशेष आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर के अटल चौक स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में अंतिम मंगलवार पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति के सेवादारों द्वारा प्रातः 7 बजे बाबा को विशेष चोला चढ़ाया गया। इसके बाद प्रातः 8 बजे श्री हनुमान जी की पीतल की प्रतिमा को मंदिर परिसर में विधिवत स्थापित किया गया। बाबा का भव्य श्रृंगार कर सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ एवं विशेष आरती की गई।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद कन्या भोज कराया गया तथा श्रद्धालुओं में सवामणि भोग लगा कर भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
इसी क्रम में तहसील रोड स्थित बालाजी भक्ति धाम में भी श्री हनुमान जी महाराज का भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं बिसौली रोड स्थित बलदेव धाम में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। यहां श्रीराम कांड का पाठ कराया गया। धाम के संचालक आचार्य ललितेश्वरानंद ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार पर नगर के विभिन्न मंदिरों में दिनभर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। भक्ति और आस्था से सराबोर इस आयोजन ने पूरे नगर को धार्मिक रंग में रंग दिया।


























