बिल्सी। नगर के वार्ड नंबर 13 में नलकूप संख्या एक के पास स्थित प्रस्तावित भूखंड पर नगर पालिका परिषद द्वारा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। कॉलोनी वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर पालिका प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए करीब 100 वर्ग गज भूमि पर यह निर्माण शुरू कराया है।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि 15वें वित्त आयोग से इस परियोजना के लिए लगभग 9 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
पार्क की संरचना में मानक के अनुरूप बाउंड्री वॉल, उसके ऊपर पिलर व कांटे की तार की फेंसिंग, पार्क एरिया को समतलीकरण, और बैठने व साज-सज्जा के इंतजाम शामिल हैं।
इसके साथ ही, कॉलोनी में जीर्ण-शीर्ण हो चुकी नाली व्यवस्था और मुख्य सड़क का भी इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।कॉलोनी वासियों ने नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि कार्य तय समय सीमा में पूर्ण होकर एक सुंदर पार्क के रूप में विकसित होगा।


























