


बिल्सी। थाना क्षेत्र के ग्राम दिधोनी निवासी 35 वर्षीय राजन सिंह की गुरुवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राजन बिल्सी गल्ला मंडी समिति में पल्लेदारी का कार्य करते थे।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम उन्हें गांव के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में पाया गया। उन्हें तत्काल बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे, मृतक के परिजनों ने बिल्सी गल्ला मंडी समिति के मुख्य गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन मौत के कारणों को लेकर संदेह जता रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार सिंह एवं कस्बा इंचार्ज राम मेहर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि, “मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।”
मृतक राजन सिंह अपने पीछे पांच छोटे बच्चों और परिजनों को छोड़ गए हैं। परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, और गांव में भी शोक की लहर है।परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।


























