बिल्सी।कछला-शाहबाद मार्ग को राज्य मार्ग घोषित किए जाने के बाद भी रोड चौड़ीकरण की योजना ठंडे बस्ते में है और इस नए राज्यमार्ग पर रोडवेज बस सेवा पूरी तरह नदारद है। इससे बिल्सी, बिसौली, आसफपुर समेत हजारों ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में भारी कठिनाई उठानी पड़ रही है। राज्य मार्ग घोषित होने के बाद भी क्षेत्रीय जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
यह राज्य मार्ग कछला से बिल्सी, बिसौली और आसफपुर होते हुए शाहबाद (रामपुर) से जुड़ता है जिससे यह रामपुर से सीधे कासगंज तक की कनेक्टविटी रखता है रामपुर की सीमा उत्तराखंड तक की सीधी कनेक्टिविटी रखती है जिससे हल्द्वानी, उधम सिंह नगर, नैनीताल तक जाने के लिए यह मार्ग बेहद उपयुक्त है।
वर्तमान में इस मार्ग पर:
- कासगंज डिपो से मुरादाबाद तक केवल एक बस
- पीतल नगरी डिपो से मैनपुरी तक एक अन्य बस वाया बिल्सी होकर संचालित हो रही है।
लेकिन क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या और शिक्षा, रोजगार से जुड़े आवागमन के लिहाज से यह सेवाएं नितांत अपर्याप्त हैं।
विधायक हरीश शाक्य के प्रयास से बिल्सी मे बनकर तैयार होने को है रोडवेज बस स्टैंड,
बिल्सी में विधायक हरीश शाक्य के प्रयासों से एक नया रोडवेज बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है, जिसे चंद दिनों में विभाग को हैंडओवर किया जाना है। स्थानीय लोग इस स्टैंड से बरेली, मुरादाबाद, कासगंज, रामपुर, हल्द्वानी, आगरा जैसी जगहों के लिए सीधी बस सेवा की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
A.R.M. राजेश पाठक का बड़ा बयान – “जनता लिखित मांग दे, तो हम सेवा बढ़ाने को तैयार”
स्वदेश केसरी संवाददाता से बात करते हुए बदायूं डिपो के नवनियुक्त सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश पाठक ने कहा:
“अगर क्षेत्रीय जनता मेरी ओर लिखित में कोई मांगपत्र देती है, तो मैं उन्हें बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए पूर्णतः संकल्पित हूं। जैसे ही बसों की उपलब्धता होगी, उस रोड पर रोडवेज सेवा बढ़ाने का प्रयास करूंगा।”
स्वदेश केसरी पाठकों से अपील
यदि आप चाहते हैं कि बिल्सी, आसफपुर, बिसौली, शाहबाद और कछला मार्ग पर नियमित और सीधी रोडवेज बस सेवाएं बहाल हों, तो आप लिखित में एक सामूहिक मांगपत्र तैयार कर A.R.M. राजेश पाठक को सौंपें।आपकी आवाज ही बदलाव ला सकती है।
“जनता बोलेगी, तो रोडवेज चलेगी!”


























