होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं मे दिल दहला देने वाला हादसा, शादी के लिए भात मांगने...

बदायूं मे दिल दहला देने वाला हादसा, शादी के लिए भात मांगने जा रही दूल्हे की मां बहिन दो भाभियों सहित 6 महिलाओं की सड़क हादसे मे मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं,

बदायूं। जनपद के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे जिले को झकझोर गया। शादी की खुशियों के बीच भात मांगने जा रही महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को तेज रफ्तार दो ट्रैक्टरों ने टक्कर मार दी, जिससे छह महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया और हर आंख नम हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के पुत्र कुंवरपाल की शादी आगामी 29 जून को होनी है। विवाह की पारंपरिक रस्म “भात” मांगने के लिए परिवार की महिलाएं ई-रिक्शा से पड़ोसी गांव गठौना जा रही थीं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की अंतिम यात्रा बन जाएगी।

बताया जाता है कि कछला और उझानी के बीच फूलपुर क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रैक्टर निर्माणाधीन हाईवे पर रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा को बचाने के बजाय दोनों ट्रैक्टरों ने लापरवाही बरती और ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।

हादसे में राजकुमारी (55) पत्नी डाल सिंह, गंगाश्री उर्फ सरला (32) पत्नी वीरपाल, रेवती (80) पत्नी रामचंद्र, प्रेम देवी (45) पत्नी रामचंद्र सिंह, नारायणी (30) पत्नी जितेंद्र तथा आरती (30) पत्नी वीरपाल की मौत हो गई। आरती ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वहीं ई-रिक्शा चालक सनी, डाल सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनका उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

हादसे के बाद एक ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपित चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक की लहर है और लोग दोषी चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here