बिल्सी (बदायूं) – नगर के मोहल्ला नंबर एक निवासी प्रतिष्ठित व्यवसायी आशीष वार्ष्णेय की पुत्री अनुष्का राज वार्ष्णेय ने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 539 अंक प्राप्त किए हैं। अनुष्का ने ऑल इंडिया रैंक 17,788 तथा जनरल कैटेगरी में 1,668वीं रैंक हासिल कर MBBS के लिए क्वालीफाई कर नगर बिल्सी का नाम गौरवान्वित किया है।
यह पहली बार नहीं है जब अनुष्का ने सफलता की मिसाल पेश की हो। इससे पहले वर्ष 2022 में अनुष्का ने सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला टॉप किया था और तब भी उसने नगर का नाम रोशन किया था। इंटरमीडिएट की शिक्षा बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी से प्राप्त की थी, जहां वह अपनी बुद्धिमत्ता और अनुशासन के लिए सदैव जानी जाती थीं।
अनुष्का की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार में खुशी की लहर है। नगरवासियों, शिक्षकों, और सामाजिक संगठनों ने भी अनुष्का को बधाइयों से नवाजा। मोहल्ले के लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं बाबा इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन ने अनुष्का को अपनी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उसे विद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों में एक और चमकता सितारा बताया।
अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने बताया कि आगे चलकर वह एक समर्पित और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा करना चाहती हैं।
अनुष्का की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर संकल्प मजबूत हो और मार्गदर्शन सटीक, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। बिल्सी जैसे छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना हर किसी के लिए प्रेरणादायक है।


























