बिल्सी (बदायूं)। नगर के प्रतिष्ठित बाबा इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को वर्चुअल फादर्स डे का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अनूठे आयोजन में नन्हें-मुन्नों से लेकर वरिष्ठ छात्रों तक ने अपने पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हुए भावनात्मक जुड़ाव को खास अंदाज में साझा किया।

छात्रों ने अपने घरों में रहकर पिता के साथ सेल्फी, ग्रुप फोटो और वीडियो बनाकर भेजे। कुछ बच्चों ने खेल, गीत, कहानियों व संदेशों के माध्यम से अपने पिता के प्रति भाव प्रकट किए तो कई बच्चों ने खूबसूरत ग्रीटिंग कार्ड व क्राफ्ट बनाकर उन्हें समर्पित किए। बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति ने सभी पिताओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और इस दिन को स्मरणीय बना दिया।

पिता-पुत्र के रिश्ते की गर्मजोशी को निखारते इस आयोजन में अभिभावकों की भागीदारी भी उत्साहजनक रही। उन्होंने बच्चों के प्रेम भरे उपहार स्वीकार करते हुए उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद दिया।

विद्यालय निदेशक अनुज वार्ष्णेय ने इस अवसर पर कहा,

“माता-पिता से बढ़कर कोई नहीं होता। वे हमारे पहले गुरु हैं। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही हम जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में पारिवारिक मूल्यों का विकास होता है।”

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा,

“फादर्स डे वह अवसर है जब हम अपने पिता के त्याग, समर्पण और संरक्षण को महसूस कर पाते हैं। यह आयोजन बच्चों और उनके परिवारों के लिए एक भावनात्मक व आत्मीय अनुभव रहा।”

इस आयोजन ने बच्चों को पिता की भूमिका और महत्व को समझने का अवसर दिया और उनके साथ भावनात्मक रिश्ता और भी मजबूत किया।
बाबा इंटरनेशनल स्कूल का यह आयोजन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में भी सहायक रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here