उझानी (बदायूं) बरेली-मथुरा हाईवे पर स्थित प्रसिद्ध जजपुरा खाटू श्याम मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर श्याम भक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। चोर मंदिर से खाटू नरेश का चांदी का मुकुट, चांदी का थाल, तीन मोबाइल फोन और करीब ₹5000 की नकदी चोरी करके फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रात दो बजे मंदिर में घुसे चोर
मंदिर के महंत मोहित शर्मा ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना रात करीब 2:00 बजे की है, जब मंदिर में सन्नाटा था। चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से से दाखिल होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के गुरुजी अजय कुमार मित्तल ने बताया कि चोरी हुआ मुकुट लगभग एक किलोग्राम चांदी का था, जबकि थाल लगभग आधा किलोग्राम का। चोर बड़ी सफाई से मंदिर के मुख्य गृभगृह से सभी कीमती सामग्री समेटकर चुपचाप निकल गए।
सीसीटीवी फुटेज से खुल सकते हैं राज
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। महंत ने बताया कि फुटेज में एक से अधिक चोर दिखाई दे रहे हैं, जो चेहरे ढके हुए थे। पुलिस को फुटेज सौंप दिए गए हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान हो सकेगी।
श्रद्धालुओं में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के श्याम भक्तों और स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जिस मंदिर में दिन-रात भक्तों की भीड़ लगी रहती है, वहां इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
श्रद्धालुओं ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। कई स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर होने के बावजूद मंदिर की रात्रिकालीन सुरक्षा बेहद लचर है, जिस कारण चोर आसानी से वारदात करके निकल गए।
पुलिस कर रही जांच, जल्द खुलासा का दावा
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि “फुटेज में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”
उल्लेखनीय है कि जजपुरा का खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन और भजन-कीर्तन के लिए आते हैं। इस वारदात ने पूरे धार्मिक वातावरण को झकझोर कर रख दिया है।


























