होम राज्य उत्तर प्रदेश विधायक हरीश शाक्य के प्रयास से बिल्सी को मिला अग्निशमन केंद्र,अब आग...

विधायक हरीश शाक्य के प्रयास से बिल्सी को मिला अग्निशमन केंद्र,अब आग पर समय से काबू पाया जा सकेगा,

बिल्सी: तहसील बने हुए ढाई दशक से ज्यादा का समय बीत चुका हैं, लेकिन अब जाकर बिल्सी को एक बड़ी मूलभूत सुविधा मिलने जा रही है। शासन स्तर से मिली मंजूरी के बाद अब बिल्सी तहसील क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) की स्थापना की जाएगी। यह केंद्र बदायूं-बिजनौर हाईवे पर स्थित खैरी गांव के निकट बनाया जाएगा, जिसके लिए 14 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हो चुका है।

गौरतलब है कि बिल्सी पहले सहसवान तहसील का हिस्सा हुआ करता था, और सहसवान तहसील मुख्यालय पर ही अग्निशमन विभाग की तैनाती थी। मायावती सरकार के दौरान बिल्सी को तहसील का दर्जा तो मिला, लेकिन उसके बाद बसपा, सपा, भाजपा सरकारें आईं और गईं, परंतु बिल्सी को मूलभूत सुविधाएं जैसे कि रोडवेज बस स्टेशन और फायर स्टेशन अब तक नहीं मिल सकीं।

पूर्व में भोला शंकर मौर्य, योगेंद्र सागर, आशुतोष मौर्य, मुसर्रत अली विट्टन और आर.के. शर्मा जैसे विधायकों ने इन मुद्दों को लेकर कभी ठोस पहल नहीं की। लेकिन अब भाजपा विधायक हरीश शाक्य के प्रयासों से हालात बदलते नजर आ रहे हैं।

विधायक हरीश शाक्य ने बताया कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि बिल्सी की वर्षों पुरानी परिवहन समस्या को देखते हुए पहले रोडवेज बस स्टेशन की सौगात दी गई और अब अग्निशमन केंद्र की स्थापना कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

यह अग्निशमन केंद्र आपात स्थितियों में बड़ी राहत देने वाला साबित होगा। अभी तक आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए बदायूं या सहसवान से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ती थी, जिससे समय की भारी बर्बादी होती थी और नुकसान भी ज्यादा होता था।

अब स्थानीय स्तर पर अग्निशमन सेवा उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों और नगरवासियों ने विधायक के प्रयासों की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here