उझानी। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित पावरलिफ्टिंग आईबीएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में उझानी के पावरलिफ्टर अनुज शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर बदायूं जिले का गौरव बढ़ाया है। उझानी के मूल निवासी अनुज वर्तमान में हरियाणा के गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता हासिल की है। अनुज ने 82.5 किलो भार वर्ग और 262.5 किलो भार वर्ग में भार उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता में अनुज का यह प्रदर्शन उझानी और बदायूं जिले के लिए गर्व का क्षण है। नगरवासियों और अनुज के परिवार में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। जैसे ही यह खबर उझानी पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से न केवल उनके परिवार और मित्रों में हर्ष है, बल्कि पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
अनुज की इस उपलब्धि पर स्थानीय विधायक, उझानी के गणमान्य नागरिक, और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

























