सालारपुर (बदायूं): आज, विकास खण्ड सालारपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में “विधान से समाधान” नामक विधिक साक्षरता और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती शिवकुमारी, मा0 अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बदायूं और सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की।


कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल सिंह ने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमें उन्हें शैक्षिक रूप से मजबूत करना होगा। जब महिलाएं शैक्षिक रूप से सशक्त होंगी, तो वे स्वतः ही आर्थिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बनेंगी। साथ ही समाज को महिलाओं के प्रति सोच बदलनी होगी और उन्हें बराबरी का दर्जा देना होगा।
नायब तहसीलदार हेमराज ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया और सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला प्रोवेशन अधिकारी अभय कुमार ने मिशन शक्ति 5 के बारे में महिलाओं को अवगत कराया। खण्ड विकास अधिकारी, सालारपुर, नितिन कुमार ने शासकीय योजनाओं से महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही शिवकुमारी ने महिलाओं के शिक्षित होने पर विशेष जोर दिया और महिलाओं से अपनी बेटियों को बेटों के समान शिक्षा दिलाने की अपील की। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी दीपमाला, धर्मेन्द्र, बीएमएम एनआरएलएम के राहुल का भी विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन सन्तोष कुमार सक्सेना, रिसोर्स पर्सन/नामिका अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं द्वारा किया गया।

























