बिल्सी के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में नवरात्र उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया, जिसमें कक्षा पीजी से 2 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय देते हुए डांडिया, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने सभी का मन मोह लिया।


नवरात्र से संबंधित विभिन्न वेश-भूषाओं में सजे बच्चे स्कूल पहुंचे। कुछ छात्र भगवान शिव, विष्णु, कृष्ण, गणेश, राम, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में नजर आए, जबकि छात्राओं ने दुर्गा के नौ रूपों जैसे शैलपुत्री, कात्यायनी, महागौरी, काली आदि का रूप धारण किया। बच्चों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को खूबसूरती से चित्रित किया, जिसमें भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले छात्र ने अपनी अदाकारी और संवाद से सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा, जिसके दौरान रावण के पुतले के जलते ही पटाखों की आवाज से पूरा वातावरण गूंज उठा, और बच्चों ने इस दृश्य को देखकर रोमांचित हो उठे।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय और निर्देशिका साधना वार्ष्णेय ने नवरात्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह उत्सव देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का प्रतीक है, जो हमें शक्ति, साहस और ज्ञान का संदेश देता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने नवरात्रि के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, और हमें अपने जीवन में सच्चाई और न्याय का पालन करना चाहिए।इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

























