बिल्सी के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में गुरुवार को नवरात्रि उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस उत्सव में छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मां दुर्गा और भगवान राम की आराधना करते हुए पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।



छात्र-छात्राएं भगवान राम, सबरी, मां दुर्गा के नौ रूपों और केवट के स्वरूप में सजे हुए नजर आए, जिन्होंने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेश बाबू गुप्ता और उपप्रबंधक डी.के. गुप्ता ने मां दुर्गा के स्वरूपों का पूजन किया और आरती उतारी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की आरती से की गई।
विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य संजीव वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा की सराहना की। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि नवरात्रि का उत्सव न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में भी मदद मिलती है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और एकजुटता की भावना का विकास होता है।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, दीयों और रंगोली से सजाया गया था। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

























