
राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी अलीगढ़
– फोटो : साेशल मीडिया
विस्तार
अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) ने स्नातक व परास्नातक का परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ा दी है। पहले शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 मार्च थी। विलंब शुल्क के साथ 23 मार्च तक फॉर्म भरे जाएंगे।
सत्र 2023-24 स्नातक व परास्नतक सम सेमेस्टर की मुख्य व बैक की परीक्षा फॉर्म भरने के लिए एमआईएस जनरेट करने व परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 मार्च और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 मार्च निर्धारित की गई थी। विवि के कुलसचिव डॉ. महेश कुमार ने बताया कि कुलपति के आदेशानुसार छात्रहित में परीक्षा के लिए एमआईएस जनरेट करने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 18 मार्च और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 21 मार्च तय की गई है। उन्होंने कहा कि 18 मार्च के बाद एमआईएस जनरेट करने और 21 मार्च के बाद परीक्षा फॉर्म भरने पर 500 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क देय होगा। विलंब शुल्क के साथ एमआईएस जनरेट करने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 23 मार्च निर्धारित की जाती है। 23 मार्च के बाद परीक्षा फॉर्म भरना संभव नहीं होगा।
विधि, बीएड, योगा की परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि भी बढ़ी
आरएमपीएसयू के सत्र 2023-24 एलएलबी, बीएएलएलबी के तृतीय वर्ष, बीएड के द्वितीय वर्ष की मुख्य परीक्षा व पूर्व परीक्षा, डीवाईएड परीक्षा फाॅर्म भरने के लिए एमआईएस जनरेट करने व परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 18 मार्च कर दी है। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 21 मार्च तय की गई है। 18 मार्च के बाद एमआईएस जनरेट करने और 21 मार्च के बाद परीक्षा फॉर्म भरने पर 500 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क देय होगा।

























