होम राज्य उत्तर प्रदेश दुनिया के लिये बुरी खबर,चीन में फिर लॉकडाउन, करोड़ों लोग घरों में...

दुनिया के लिये बुरी खबर,चीन में फिर लॉकडाउन, करोड़ों लोग घरों में हुए कैद, स्कूल हुए बन्द,बाकी लहर से कितना खतरनाक यह नया वाला कोरोना?

  • भारत से 3600 किमी दूरी हॉन्ग कॉन्ग में खतरनाक कोरोना फैल रहा
  • अस्पताल के बाहर भी मरीजों का करना पड़ रहा इलाज
  • चीन को तीन शहरों में लॉकडाउन लगाना पड़ा है

नई दिल्ली, पिछले 24 घंटे में दुनियाभर में 13 लाख से ज्यादा नए केस सामने आए हैं, जबकि 3579 लोगों की मौत हुई है। वहीं, चीन में रविवार को करीब 3100 मामले सामने आए हैं, यह पिछले 2 साल में सबसे ज्यादा केस हैं। इसके चलते चीन के शेनजेन में लॉकडाउन लगा दिया गया है। इसी के साथ यहां रहने वाले 1.7 करोड़ लोग घरों में कैद हो गए है। शंघाई में भी स्कूलों को बंद कर दिया गया।

अब तक दुनिया में कोरोना वायरस के 45.85 करोड़ केस सामने आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से 39.16 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, दुनियाभर में कोरोना के एक्टिव केस 6.08 करोड़ हो गए हैं। यानी इन लोगों का अभी इलाज चल रहा है। दुनियाभर में कोरोना से 60.6 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा केस दक्षिण कोरिया में मिले हैं, यहां 350,176 कोरोना के नए केस मिले हैं। वहीं, इसके बाद जर्मनी में 213,264, वियतनाम में 166,968, फ्रांस में 60,422, इटली में 48,886 और रूस में 44,989 केस मिले हैं।

पिछले 24 घंटे में कोरोना से सबसे ज्यादा रूस में जान गई हैं, यहां 596 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया में 251 लोगों की जान गई है। इंडोनेशिया में 215, मैक्सिको में 203 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

चीन में फिर फैलने लगा कोरोना ,चीन को तीन शहरों में लगाना पड़ा लॉकडाउन
चीन में भी केस बढ़ने लगे तो उसने हॉन्ग कॉन्ग के करीबी दक्षिणी शहर शेनजेन में लॉकडाउन लगा दिया। यहां की आबादी 1.7 करोड़ है। आशंका जताई जा रही है कि बॉर्डर पर सख्त रूल लागू होने के बाद भी पड़ोसी मेनलैंड राज्यों में कोरोना फैलने का खतरा पैदा हो गया है। बीते 24 घंटे में चीन में 3300 से ज्यादा कोविड मामले सामने आए। चीन में चांगचुन के अलावा शांडोंग प्रांत के युचेंग में भी लॉकडाउन लग चुका है। शांडोंग में 175, ग्वांडोंग में 62, शांक्सी में 39, हेबेई में 33, जियांग्सू में 23, तियानजिन में 17 और बीजिंग में 20 कोविड के मरीज मिले हैं।
चीन में एक बार फिर कोरोना के केस तेजी से मिलने लगे हैं, यहां शेनजेन में एक दिन में 66 केस मिलने के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को चांगचुन में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इसके अलावा शांडोंग के युचेंग में भी लॉकडाउन का ऐलान किया गया था।

चीन में 2019 में कोरोना का पहला केस मिला था। इसके बाद से चीन कड़ाई से जीरो कोविड पॉलिसी का पालन करा रहा है। इसके तहत किसी क्षेत्र में केस आने पर लॉकडाउन, कड़े यात्रा प्रतिबंध और बड़े स्तर पर टेस्टिंग जैसे कदम उठाए जाते हैं।

भारत के लिए कितनी चिंता की बात
हॉन्ग कॉन्ग की स्थिति से साफ है कि उसने कोरोना वैक्सीनेशन पर ध्यान नहीं दिया जबकि भारत की स्थिति इसमें काफी मजबूत रही है। देश में युद्ध स्तर पर कोरोना वैक्सीनेशन किया गया और अब बूस्टर भी लगाया जा रहा है। देश में कोरोना वैक्सीन की 1,80,19,45,779 खुराक लगाई जा चुकी है। भारत के लोगों ने भी वैक्सीनेशन को गंभीरता से लिया है और सरकार की तरफ से हर उम्र वर्ग के लोगों को वैक्सीनेट करने की दिशा में प्रयास किए गए हैं। एक्सपर्ट भी मानकर चल रहे हैं कि कोरोना की तीसरी लहर घातक इसीलिए नहीं रही क्योंकि देश में कोरोना वैक्सीनेशन बेहतर तरीके से हुआ है।

कोरोना की चौथी लहर जून में आने की आशंका जताई गई है। हालांकि जाने माने वायरस एक्सपर्ट डॉ. टी. जैकब जॉन का कहना है कि देश में तब तक महामारी की चौथी लहर नहीं आएगी, जब तक वायरस का कोई नया खतरनाक वेरिएंट सामने नहीं आ जाता। सरकार की तरफ से और आम लोग भी कोरोना से बचने के लिए मास्क और सैनिटाइजेशन का इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर हम इसी तरह वैक्सीनेशन के साथ प्रोटोकॉल का पालन करते रहें तो कोरोना से बचा जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here