होम राज्य उत्तर प्रदेश चौथे चरण का मतदान हुआ पूरा, सबसे अधिक लखीमीपुर खीरी में 68.7%, फीसदी,...

चौथे चरण का मतदान हुआ पूरा, सबसे अधिक लखीमीपुर खीरी में 68.7%, फीसदी, सबसे कम उन्नाव में 54.05 फीसदी, समाजवादी पार्टी ने लखनऊ, उन्नाव, हरदोई और सीतापुर में मतदान में धांधली किये जाने का लगाया आरोप।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत नौ जिलों की 59 सीटों पर आज मतदान हुआ. चौथे चरण के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है. चौथे चरण में 59.41 फीसदी मतदान हुआ है. लखीमीपुर खीरी में 68.7% फीसदी वोट पड़े. वहीं 5 बजे तक हुए आंकड़ों के मुताबिक पीलीभीत में 61.33 फीसदी मतदान हुआ है. वहीं सीतापुर में 58.39 फीसदी, हरदोई में 55.29 फीसदी, उन्नाव में 54.05 फीसदी, लखनऊ में 55.08 फीसदी, रायबरेली में 58.40 फीसदी, बांदा में 57.54 फीसदी, फतेहपुर 57.02 फीसदी वोटिंग हुई है.

राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ. समाजवादी पार्टी ने लखनऊ, उन्नाव, हरदोई और सीतापुर में मतदान में धांधली किये जाने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की. इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं. चौथे चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है उनमें प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक (लखनऊ कैंट), मंत्री आशुतोष टंडन (लखनऊ पूर्वी) पूर्व मंत्री सपा प्रत्याशी अभिषेक मिश्रा (सरोजिनी नगर), उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल (हरदोई) शामिल हैं.

इसके अलावा नेहरू-गांधी परिवार का ‘गढ़’ माने जाने वाले रायबरेली में भी चौथे चरण में मतदान हुआ. यहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई अदिति सिंह एक बार फिर मैदान में हैं. आयोग द्वारा निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है. कोविड-19 के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, सेनिटाइजर, दस्ताने, मास्क,, पीपीई किट, साबुन, पानी वगैरह की व्यवस्था की गई है.

चौथे चरण के चुनाव में कुल 24,643 मतदान स्थल और 13,817 मतदान केन्द्र बनाये गये. मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 57 सामान्य प्रेक्षक, नौ पुलिस प्रेक्षक तथा 18 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये. इसके अतिरिक्त 1,712 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 210 जोनल मजिस्ट्रेट, 105 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3,110 ‘माइक्रो ऑब्जर्वर’ भी तैनात किये गये.

मतदान पर पर्यवेक्षण के लिए हर जिले के 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर सजीव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर किया गया. चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई. प्रत्येक मतदान केन्द्र पर अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई और ईवीएम के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here