

बिल्सी।अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर बिल्सी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विविध धार्मिक व सामाजिक आयोजन धूमधाम से संपन्न हुए। समाजसेवी संस्थाओं एवं दुकानदारों द्वारा जगह जगह पर भंडारों का आयोजन किया गया।
सुबह से ही नगर में उत्सव का माहौल बना रहा। उझानी बस स्टैंड, बालाजी तिराहा, मुख्य बाजार एवं सेमल बाबा मंदिर पर आलू-पूड़ी के भंडारे आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भंडारे हुए।
शाम ढलते ही लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर दीप व मोमबत्तियां प्रज्वलित कीं, जिससे पूरा नगर रोशनी से जगमगा उठा। सभी आयोजनों में क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने अपने समर्थकों के साथ सहभागिता निभाई।


























