


बिसौली (बदायूं), 15 जून। तहसील टेंट, लाइट, कैटर्स, बैंक्वेट हॉल, फूल एवं साउंड व्यापारी एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं स्वागत समारोह का आयोजन बदायूं रोड स्थित बुद्ध उपवन बारात घर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी एम. सगीर ने की, जबकि संचालन संगठन के महामंत्री सुनील शर्मा ने किया। बैठक में तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में टेंट, लाइट, कैटर्स एवं संबंधित व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि बिसौली तहसील टेंट व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं डिस्ट्रिक्ट टेंट ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन बदायूं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी एम. सगीर को 12 जून को कानपुर के जगदम्बा गैस्ट हाउस कानपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। इस अवसर पर उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी प्रदान की गई।
हाजी एम. सगीर के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद बिसौली एवं आसपास के व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में बिसौली तहसील टेंट, लाइट, बैंक्वेट हॉल, कैटर्स एवं माली एसोसिएशन द्वारा उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। व्यापारियों ने फूलमालाएं पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष दीपेश कुमार एवं उपाध्यक्ष हाफिज आरिफ नूरी ने कहा कि एम. सगीर को प्रदेश स्तर पर मिली जिम्मेदारी पूरे बिसौली क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व से व्यापारियों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाने में सहायता मिलेगी।
अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी एम. सगीर ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि संगठन के प्रत्येक सदस्य की मेहनत, विश्वास और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सभी साथियों के सहयोग से वह व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने आगामी 19 एवं 20 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। साथ ही संगठन की स्मारिका “मनुहार” के लिए अधिकाधिक विज्ञापन देकर संगठन को सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक खुराना ने भी हाजी एम. सगीर को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एम. सगीर लंबे समय से संगठन और व्यापारियों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रदेश उपाध्यक्ष बनने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश भर के व्यापारियों की आवाज और प्रभावशाली ढंग से उठाई जा सकेगी।
बैठक में जमाल अब्बास, राजू मौर्य उर्फ डेविड, सतीश सिंह, नवल राजपूत, विपिन वार्ष्णेय, दीपेश कुमार, सुनील शर्मा, रवि गुप्ता (वजीरगंज), हाफिज आरिफ नूरी (सैदपुर), सत्यपाल शर्मा (मुंडिया धूरेकी), प्रभाकर शर्मा (आसफपुर), कौशल गौड़, भारत यादव, धर्मेंद्र कुमार (मुहम्मदपुर माई), मोहम्मद गुलाम, यासीन खान, संजीव चंद्रा, विपिन मौर्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


























