
बिल्सी में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 22 जनवरी 2026 को बाबा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्रों ने दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान छात्रों ने पोस्टरों के माध्यम से तेज गति, मोबाइल पर बात करने और लापरवाही से वाहन चलाने के नुकसान बताए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों व आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और नियमों को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने छात्रों की पहल को सराहनीय बताते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


























