

बिल्सी।आज 21 जनवरी 2026 को क्षेत्र पंचायत विकास खण्ड अम्बियापुर की महत्वपूर्ण बैठक विकास खण्ड परिसर में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रेखा देवी भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता, माननीय विधायक बिल्सी श्री हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव, प्रदेश मंत्री भाजपा श्री डी.पी. भारती तथा खण्ड विकास अधिकारी श्रीमती शैली गोविल ने सहभागिता कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की “सबका साथ–सबका विकास” नीति के अनुरूप क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और आम जनमानस से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को ब्लॉक के प्रत्येक गांव तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में मुख्य सड़कों का निर्माण, जल निकासी के लिए नाले, बारातघर, डॉ. आंबेडकर पार्क, खेल मैदान, तालाबों की सुरक्षा दीवार, अमृत सरोवर, तथा ब्लॉक मुख्यालय का जीर्णोद्धार जैसे कार्य कराए गए हैं। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, कार्यालय, तथा प्रधान/बीडीसी व आम जनता के लिए आगंतुक कक्ष का निर्माण कर जनसुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। सभी कार्य जनकल्याण की भावना से समर्पित भाव में पूर्ण कराए गए हैं।
बैठक में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता गगन राठी, प्रमोद गोस्वामी, अशोक कुमार भारती, आदित्य माहेश्वरी, राहुल देव शाक्य, ललतेश सिंह, अवनीश सिंह, सर्वेश शाक्य, लेखाकार सर्वेश पटेल, जेई महिपाल सिंह, एडीओ पंचायत दिनेश कुमार, कोतवाल मनोज कुमार सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानगण तथा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


























