सहसवान (बदायूं)। कोतवाली सहसवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सोयाबीन तेल से भरे ट्रक को बरामद कर एक बड़ा खुलासा किया है। बरामद किए गए ट्रक में सोयाबीन तेल के करीब 1750 रिफाइंड पीपे लदे हुए बताए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह ट्रक नेपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में ही ट्रक चालक से संपर्क टूट गया। ट्रक की अंतिम लोकेशन बदायूं–मेरठ हाईवे पर स्थित पहलवान ढाबे के पास जीपीएस में दर्ज हुई थी। इसके बाद न तो ट्रक का कोई सुराग मिला और न ही चालक का, जिससे तेल भेजने वाली फर्म में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी मालिक ने सहसवान कोतवाली पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने पूरे प्रकरण को अपने संज्ञान में लेते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
थाना प्रभारी के निर्देशन में दरोगा रामविलास, दरोगा कमल सिंह, कांस्टेबल नीरज यादव, कुलदीप कुमार और दिनेश कुमार की टीम ने अथक प्रयास करते हुए 24 घंटे के भीतर ट्रक को थाना सोरों क्षेत्र के नगरिया, सोरों चीनी मिल के पास से बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि ट्रक चोरी में शामिल गिरोह की तलाश तेज़ी से की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और सहसवान पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।


























