


बिल्सी। नगर के प्रतिष्ठित गल्ला कारोबारी संजीव कुमार वार्ष्णेय उर्फ मुन्ना ने अपने स्वर्गीय पिता सोहन पाल वार्ष्णेय की प्रथम पुण्यतिथि सेवा और समर्पण के साथ मनाई। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य बाजार स्थित मां अन्नपूर्णा रसोई में निर्धन एवं असहाय लोगों को भोजन कराया।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे आयोजित सेवा कार्यक्रम में जरूरतमंदों को देसी घी की पूड़ी, हलवा और दो प्रकार की सब्जियों के साथ प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। भोजन ग्रहण करने के लिए रसोई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे लंबी कतारें लग गईं।
संजीव कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति को सेवा कार्यों से जोड़ना उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने का प्रयास रहेगा।
अन्नपूर्णा रसोई के संचालक नवरत्न वार्ष्णेय ने बताया कि रसोई पिछले कई वर्षों से ‘भूखे को अन्न, प्यासे को पानी’ के उद्देश्य के साथ नगर में निरंतर सेवा कर रही है। यहां मात्र 10 रुपये में जरूरतमंदों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
इस दौरान चंद्रशेखर वार्ष्णेय उर्फ टीटू, जोली वार्ष्णेय, राकेश शर्मा सहित श्रद्धालु एवं भक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वर्गीय सोहन पाल वार्ष्णेय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के इस सेवा कार्य की सराहना की।























