बिल्सी। रक्षाबंधन पर्व पर मायके जाने वाली बहनों की भारी भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा के लिए श्री श्याम सेवा मंडल बिल्सी ने इस बार भी निशुल्क बस सेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। सेवा मंडल की ओर से 28 अगस्त शुक्रवार को सुबह 8 बजे से बिल्सी से बदायूं के लिए निशुल्क वोल्वो बस सेवा शुरू की जाएगी, जो पूरे दिन संचालित रहेगी।

श्री श्याम सेवा मंडल के सदस्य सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह सेवा शुरू की जा रही है। बस सेवा के माध्यम से महिलाएं बिल्सी से बदायूं तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने बताया कि सेवा मंडल द्वारा पिछले वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर बिल्सी से बदायूं के लिए निशुल्क बस सेवा संचालित की गई थी, जिसे महिलाओं और क्षेत्रवासियों का अच्छा समर्थन मिला था। इसी को देखते हुए इस वर्ष भी सेवा को जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

बिल्सी-कछला-बिसौली रूट पर भी बस चलाने की तैयारी

सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि यदि बजट उपलब्ध रहा तो सेवा मंडल की ओर से बिल्सी से कछला और बिसौली तक दूसरी निशुल्क बस सेवा संचालित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे रक्षाबंधन पर आवागमन करने वाली महिलाओं एवं अन्य यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी।

श्री श्याम सेवा मंडल के इस निर्णय को क्षेत्र में सराहा जा रहा है। सेवा मंडल का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और रिश्तों का पर्व है और इस अवसर पर बहनों की सुविधा के लिए सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here