


बदायूं। श्रावण मास के पावन अवसर पर इन दिनों बदायूं की सड़कों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। हर ओर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और श्रद्धालुओं की ओर से जगह-जगह भंडारे एवं सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बदायूं बाईपास स्थित अवंतीबाई तिराहे के निकट श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम की ओर से कांवड़ियों एवं राहगीरों की सेवा के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडेय ने फीता काटकर किया।
भंडारे के शुभारंभ के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
कांवड़ियों ने ग्रहण किया प्रसाद
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई। श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम के सदस्य पूरे समय मौके पर मौजूद हैं और तन मन धन से कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं ।
कांवड़ मार्ग पर गुजर रहे श्रद्धालुओं भी भंडारे में रुककर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं । इस दौरान आयोजन स्थल पर धार्मिक उत्साह और सेवा भावना का माहौल बना हुआ है ।
सेवा कार्यों से मजबूत होता है सामाजिक सौहार्द
आयोजकों ने कहा कि श्रावण मास केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का भी अवसर है। कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए लगाए गए ऐसे भंडारे समाज के लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों की सेवा से जुड़े सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता जारी रखी जाएगी।
इस अवसर पर सुयश राठौर, शशांक यादव, शेखर रस्तोगी, रोहित पांडेय, निखिल सक्सेना, रजत यादव, सार्थक गोयल एवं अंश गुप्ता सहित तमाम गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी एवं श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम के सदस्य मौजूद हैं ।

























