
बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर कुं. बृ. मो. लाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नेकपुर बरेली में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा भव्य बाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने कांवड़ यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा में बच्चों ने भगवान महादेव और माता पार्वती की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। नन्हे कांवड़ियों के साथ मौजूद अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि बाल कांवड़ यात्रा में विद्यालय की संरक्षिका रेनू पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल एवं प्रशान्त पटेल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. राजीव जी सक्सेना ने कहा कि बच्चों में अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति आस्था एवं विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विद्यालय सामाजिक चेतना का केंद्र बने और बच्चे अपनी गौरवशाली परंपराओं से परिचित हों, यही इन आयोजनों का उद्देश्य है।
विद्यालय के सहव्यवस्थापक राजीव गुप्ता ने कहा कि भारत उत्सव और परंपराओं का देश है। भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए विद्यालय की गतिविधियों में बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुधीर, दिनेश त्रिपाठी, संजीव अवस्थी, आयुष, विपिन कश्यप, रामानंद शर्मा, सुधा, अंशु, शिल्पी और कीर्ति सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। यात्रा के समापन पर प्रधानाचार्य ओमकार गंगबार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।






















