







- रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
- भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, भक्ति, भजन और महाआरती से गुंजायमान होगा शहर
- 15 जुलाई को संगीतमय नरसी जी का भात, 16 जुलाई को विराट रथयात्रा एवं महाभंडारा- प्रशासन और समिति ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
- प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवान जगन्नाथ सेवा समिति ने दी विस्तृत जानकारी, भक्ति और आस्था से सराबोर होंगे दो दिवसीय आयोजन
बदायूं। भगवान श्री जगन्नाथ की विश्वविख्यात रथयात्रा के शुभ दिन के अवसर पर इस वर्ष बदायूं भी धार्मिक उल्लास और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा। जिस दिन भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की ऐतिहासिक रथयात्रा पुरी (उड़ीसा) में निकाली जाएगी, उसी दिन 16 जुलाई को बदायूं में भी भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य एवं भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर आज सोमवार को भगवान जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा वैभव लॉन (विरुआबाड़ी मंदिर के सामने) मे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी ।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 15 जुलाई (बुधवार) को सायं 6 बजे से संगीतमय “नरसी जी का भात” के भव्य आयोजन के साथ होगा। इस अवसर पर दिल्ली से पधार रहे प्रसिद्ध भजन गायक भजन सम्राट वरुण तोमर ‘वरुनेश भैया’ अपनी ओजपूर्ण एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत रात्रि 10 बजे भगवान का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
समिति ने बताया कि 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य रथयात्रा दोपहर 3 बजे वैभव लॉन (विरुआबाड़ी मंदिर के सामने) से प्रारंभ होकर पथिक चौक, टिकटगंज चौराहा, सर्राफा बाजार, हलवाई चौक, मढ़ई चौक, काली सड़क होते हुए रात्रि 9 बजे पुनः वैभव लॉन पहुंचेगी, जहां भगवान की महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
रथयात्रा के सबसे विशेष आकर्षण भव्य और दिव्य आरती होगी। समिति ने बताया कि यात्रा मार्ग में विभिन्न 6 स्थानों पर भगवान श्री जगन्नाथ की आरती कछला गंगा आरती की तर्ज पर कछला से आने वाले प्रशिक्षित आरती अर्चकों द्वारा उतारी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी।
विशेष आरती का सौभाग्य सूर्य प्रकाश वैश्य (हरसहायमल श्यामलाल सर्राफ), मुकेश रस्तोगी (राजमहल गार्डन), श्रीमती साध्वी रस्तोगी (पत्नी विनीत कुमार रस्तोगी, गाजियाबाद), राजकिशोर वैश्य, महेंद्र वैश्य (टीकाराम एंड संस, सर्राफ), अरविंद गुप्ता (सीताराम हरिकृपाल सर्राफ) तथा राम समर्थ रस्तोगी (कल्याणमल शिवराज सर्राफ) को प्राप्त होगा, जो अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर भगवान की आरती करेंगे।
समिति ने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर शहर के व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह सरबत, लस्सी, शिकंजी, कोल्ड ड्रिंक, शीतल जल एवं अन्य जलपान के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रा पूर्ण होने के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ की महाआरती की जाएगी जिसके उपरांत विशाल महाभंडारे का आयोजन वैभव लॉन में किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
आज की प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष शरद रस्तोगी, उपाध्यक्ष राकेश ढींगरा, मंत्री संजय रस्तोगी, सह मंत्री सुनीत सक्सेना, संयोजक सुरेंद्र कश्यप, गीता मंदिर के प्रबंधक मनोज रस्तोगी, सह प्रबंधक अमित रस्तोगी, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गुप्ता, सदस्य दीपांक रस्तोगी, सदस्य सीए विरल रस्तोगी सहित गीता मंदिर ट्रस्ट संकट मोचन सुंदरकांड महिला ग्रुप की सदस्य सपना रस्तोगी, दीपिका रस्तोगी, रोजी रस्तोगी, दीप्ति रस्तोगी एवं ज्योति रस्तोगी सहित अनेक समिति सदस्य उपस्थित रहे।
रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए तथा सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि रथयात्रा विरुआबाड़ी मंदिर से प्रारंभ होकर पथिक चौक, टिकटगंज, सर्राफा बाजार, हलवाई चौक, मढ़ई चौक एवं काली सड़क से होते हुए पुनः विरुआबाड़ी मंदिर पहुंचेगी।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नगर मजिस्ट्रेट को संपूर्ण यात्रा की कानून व्यवस्था की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। वहीं उप जिलाधिकारी सदर यात्रा के अग्रभाग, तहसीलदार सदर मध्य भाग तथा तहसीलदार (न्यायिक) यात्रा के अंतिम भाग की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
डीएम ने सभी अधिकारियों को यात्रा मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका परिषद को मार्ग की विशेष साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा यात्रा मार्ग पर ढीले एवं लटकते बिजली के तारों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अग्निशमन विभाग को पर्याप्त अग्निशमन संसाधनों के साथ-साथ संकरी गलियों में आपात स्थिति से निपटने के लिए बाइक माउंटेड फायर फाइटिंग उपकरण भी तैनात करने को कहा गया है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को रथयात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा को पूर्ण श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया।
इस प्रकार, जिस दिन संपूर्ण पुरी धाम भगवान श्री जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा के रंग में रंगा होगा, उसी दिन बदायूं भी श्रद्धा, आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के अनुपम उत्सव का साक्षी बनेगा। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निकलने वाली यह दिव्य एवं भव्य रथयात्रा शहर के धार्मिक इतिहास में एक अविस्मरणीय अध्याय जोड़ने जा रही है।


























