लखनऊ/बदायूँ: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश में महज़ 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सूचियां जारी कर कुल 363 पीसीएस (PCS) अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। सोमवार को जारी नवीनतम सूची में 181 उपजिलाधिकारियों (SDM) का ट्रांसफर किया गया, जबकि इससे ठीक पहले रविवार देर रात 182 पीसीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी हुई थी। इस व्यापक फेरबदल में कुल 91 महिला और 29 यादव प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
रविवार की पहली सूची में जहां 54 महिला और 18 यादव अधिकारियों को इधर-उधऱ किया गया था, वहीं सोमवार की दूसरी सूची में 37 महिला और 11 यादव अफसर शामिल हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई बेहद चर्चित और सुर्खियों में रहे उपजिलाधिकारियों के नाम भी शामिल हैं, जिन पर शासन की गाज गिरी है या उन्हें नई ज़िम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

दूसरी सूची में औरैया की एसडीएम गरिमा सौनकिया, बाराबंकी के एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा और सहारनपुर के एसडीएम अंकुर वर्मा सहित कई चर्चित अधिकारियों के नाम शामिल हैं। वहीं अयोध्या से आठ अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।

बदायूं में भी बदले कई पीसीएस अधिकारी

प्रदेशव्यापी तबादला सूची में बदायूं जिले में भी कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। जिले से 5 अधिकारी अन्य जनपदों में भेजे गए हैं, जबकि पांच नए पीसीएस अधिकारियों की तैनाती बदायूं में की गई है।

बदायूं से जाने वाले अधिकारी

  • मोहित कुमार – उपजिलाधिकारी, मथुरा स्थानांतरित।
  • राशी कृष्णा – उपजिलाधिकारी, लखीमपुर खीरी स्थानांतरित।
  • रिपुदमन सिंहसहायक नगर आयुक्त, लखनऊ बनाए गए।
  • धर्मेंद्र कुमार सिंहउन्नाव स्थानांतरित।
  • प्रेमपाल सिंह – उपजिलाधिकारी दातागंज से हापुड़ स्थानांतरित।

बदायूं आने वाले अधिकारी

  • अनुराग सिंह – उपजिलाधिकारी, बाराबंकी से बदायूं
  • प्रियंका कुमारी – उपजिलाधिकारी, बुलंदशहर से बदायूं
  • सुरेंद्र कुमार प्रथमसहारनपुर से बदायूं
  • गौरव आर्याझांसी से बदायूं
  • रामकेवल त्रिपाठीअमेठी से बदायूं

चर्चित और विवादों में रहे इन अफसरों का भी हुआ तबादला

  • गरिमा सौनकिया: औरैया से सुल्तानपुर भेजी गईं गरिमा सौनकिया UPPSC-2021 बैच की 30वीं रैंक धारक हैं। वे यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल पकड़ने और उस दौरान हुई अभद्रता का डटकर सामना करने के कारण काफी चर्चा में आई थीं।
  • राजेश कुमार विश्वकर्मा: बाराबंकी के एसडीएम रहे राजेश कुमार विश्वकर्मा का भी तबादला कर दिया गया है। इनके खिलाफ स्थानीय वकीलों ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाकर प्रदर्शन किया था, जिसमें प्रदर्शनकारियों द्वारा उनकी सरकारी गाड़ी पर पान थूककर लाल करने का मामला सामने आया था।
  • अंकुर वर्मा: सहारनपुर से जौनपुर भेजे गए एसडीएम अंकुर वर्मा हाल ही में सरसावा में एक किसान द्वारा आत्मदाह के प्रयास के बाद विवादों में घिरे थे, जिसके बाद परिजनों ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे।

अयोध्या से हटाए गए 8 बड़े अधिकारी

प्रशासनिक फेरबदल का एक बड़ा केंद्र अयोध्या भी रहा, जहाँ से एक साथ 8 अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से एसडीएम प्रवीण यादव को बलिया, एसडीएम श्रेया को श्रावस्ती, एसडीएम सुधीर कुमार को सीतापुर तथा सहायक नगर आयुक्त अशोक कुमार गुप्ता को उपजिलाधिकारी बनाकर सोनभद्र भेजा गया है। इसके अलावा अरविंद कुमार तृतीय को शामली, अशोक कुमार सैनी को मैनपुरी, रामप्रसाद त्रिपाठी को मथुरा और अभिषेक कुमार सिंह को मुरादाबाद भेजा गया है।

पहली सूची (रविवार मध्यरात्रि) के मुख्य फेरबदल

इससे पहले रविवार रात जारी हुई 182 अफसरों की सूची में कानपुर देहात की एसडीएम सुरभि शर्मा को बागपत, गाजीपुर के एसडीएम पुष्पेंद्र पटेल को अंबेडकर नगर, और उन्नाव के एसडीएम शुभम यादव को बुलंदशहर भेजा गया था। वहीं वाराणसी की एसडीएम प्रतिभा मिश्रा को कानपुर देहात, मैनपुरी के गोपाल शर्मा को बरेली, रायबरेली के मिथलेश कुमार तिवारी को मैनपुरी भेजा गया। हाथरस की एसडीएम लवगीत कौर को ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में ओएसडी (OSD) नियुक्त किया गया है, जबकि यूपीडा में तैनात देवेंद्र प्रताप सिंह को झांसी का नया एसडीएम बनाया गया है।

प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती वाले अधिकारी शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे, जिससे संबंधित जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here