बिल्सी। नगर स्थित भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविधान आधारित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा 9 एवं 10 के कुल 215 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित थी। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, उसके मूल सिद्धांतों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रसार के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।


























