
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी के विद्यार्थियों ने स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 4 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन सिटी मॉल, बदायूं में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
विद्यालय के कुल 11 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
स्वर्ण पदक विजेताओं में अनिरुद्ध उपाध्याय (कक्षा-7), प्रतीक (कक्षा-6), सिद्धार्थ शर्मा (कक्षा-7), अरस्तु सोलंकी (कक्षा-8) एवं उर्वशी सिंह (कक्षा-10) शामिल रहे। वहीं रजत पदक प्रणय प्रताप (कक्षा-10), गुंजन (कक्षा-6), हिमांशु प्रजापति (कक्षा-7) एवं हर्ष (कक्षा-6) ने प्राप्त किए। मनाली सरकार (कक्षा-8) एवं ईशिका माहेश्वरी (कक्षा-8) ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए।
सभी विजेताओं को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव हरीश पाल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं साहित्यकार अशोका खुराना तथा अभिनव यादव ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि ताइक्वांडो आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन का खेल है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी, ताइक्वांडो कोच प्रज्ञा मिश्रा, पीटीआई विकास कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


























