




बदायूं/बिल्सी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार, 10 जुलाई को जनपद बदायूं के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह बिल्सी में 225.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन तथा समरेर विकास खंड में 1.29 करोड़ रुपये की लागत से बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि बिल्सी का नया रोडवेज बस स्टेशन लगभग 2100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित किया गया है। इसका निर्माण कार्य यूपीपीसीएल द्वारा निर्धारित समय में पूरा किया गया है। बस स्टेशन में अधिकारी कक्ष, स्टाफ कक्ष, पुरुष एवं महिला शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, तीन दुकानें तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि समरेर ब्लॉक परिसर में 1.29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम का क्षेत्रफल 325 वर्ग मीटर है। इसमें एक विशाल हॉल, ग्रीन रूम, शौचालय तथा लगभग 125 लोगों के बैठने की क्षमता विकसित की गई है। इसका निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) द्वारा कराया गया है।
इधर, बिल्सी में रोडवेज बस स्टेशन के लोकार्पण को लेकर परिवहन विभाग, नगर पालिका, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया, सड़क के गड्ढों की पैचिंग कराई गई तथा मार्ग में पड़ने वाले विद्युत तारों को भी दुरुस्त कराया गया।
स्वदेश केसरी न्यूज़ से बातचीत में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजेश पाठक ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकार्पण के अवसर पर कोई नई रोडवेज बस सेवा शुरू नहीं की जा रही है। वर्तमान में बिल्सी से बदायूं-दिल्ली मार्ग (वाया इस्लामनगर) पर पहले से 27 रोडवेज बसों का संचालन हो रहा है। जिसमें छह बसें बिल्सी में रात्रि विश्राम कर प्रतिदिन सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच दिल्ली के लिए रवाना होती हैं।
उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं मे कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।


























