बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में शिशु वाटिका का अवलोकन कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस दौरान बरेली जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडे के साथ शिशु वाटिका की शिक्षण व्यवस्था, कक्षाओं की साज-सज्जा, शिक्षण सामग्री एवं बच्चों की गतिविधियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

अवलोकन के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने गीत, प्रार्थना, खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों तथा विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला समन्वयक ने बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और सहज अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि शिशु वाटिका में अपनाई जा रही गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति, संस्कारयुक्त वातावरण एवं बाल-केंद्रित शिक्षा प्रारंभिक शिक्षा को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने शिक्षिकाओं से बच्चों की जिज्ञासा, सृजनशीलता एवं नैतिक मूल्यों के विकास के लिए नवाचारपूर्ण प्रयास निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडे ने जिला समन्वयक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आनंददायी शिक्षा के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here