
बिल्सी (बदायूं)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सोमवार को बिल्सी के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज एवं बाबा इंटरनेशनल स्कूल में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी की स्वास्थ्य टीम ने पात्र छात्राओं का निःशुल्क टीकाकरण किया तथा उन्हें इस वैक्सीन के महत्व और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में स्टाफ नर्स मनीषा रानी ने 15 वर्ष से अधिक आयु की पात्र छात्राओं का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से टीकाकरण किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि सरकार का यह अभियान छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों से ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान विद्यालय का समस्त महिला स्टाफ मौजूद रहा और अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
वहीं बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित टीकाकरण अभियान के दौरान क्राइम इंस्पेक्टर बी.के. मौर्य, महिला उपनिरीक्षक रचना देशवाल, महिला कांस्टेबल दिव्या, संजना कुमारी, कांस्टेबल जितिन कुमार एवं बलिराम की उपस्थिति रही। सीएचसी बिल्सी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार शर्मा, डॉ. पी.के. शर्मा, एएनएम एवं काउंसलर मिराज बी तथा रेनू तोमर ने 14 वर्ष आयु की पात्र छात्राओं (जिन्होंने अभी 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है) का टीकाकरण किया।
टीकाकरण से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं एवं विद्यालय प्रशासन को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर तथा टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है और बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। पूरी प्रक्रिया स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप सत्यापन एवं पंजीकरण के बाद सम्पन्न कराई गई।
बाबा इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समग्र विकास विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनजागरूकता अभियान छात्राओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दोनों विद्यालयों में आयोजित इस संयुक्त स्वास्थ्य अभियान के माध्यम से छात्राओं को न केवल निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। विद्यालय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का भरोसा दिलाया।


























