

बदायूं। बीआरबी स्कूल के मेधावी छात्र शौर्य दीक्षित का बीआरबी स्कूल और अमर उजाला (दैनिक समाचार पत्र) द्वारा सयुंक्त रूप से आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी छात्र शौर्य दीक्षित को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को सिविल लाइंस स्थित डायट परिसर ले जाया गया, जहां शौर्य दीक्षित को प्रतीक चिन्ह स्वरूप मेडल पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने शौर्य दीक्षित को प्रतिभाशाली छात्र बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शौर्य दीक्षित ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके पिता भी स्कूल प्रबंधक हैं तथा परिवार द्वारा दो सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय संचालित किए जाते हैं। परिवार में शुरू से ही शिक्षा का माहौल मिलने के कारण उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
समारोह में आशुतोष, सिद्धार्थ कश्यप, कृष्ण कुमार चौधरी और ऋतिक रस्तोगी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























