सहसवान। नगर के मोहल्ला बजरिया निवासी 17 वर्षीय छात्र अनिकेत पिछले करीब 20 घंटे से लापता है। छात्र के घर नहीं लौटने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कोतवाली सहसवान में दी गई तहरीर के अनुसार, संजय पुत्र सोमेन्द्र नाथ ने बताया कि उनका भतीजा अनिकेत उझानी स्थित एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 (कला वर्ग) का छात्र है। सोमवार को दोपहर करीब दो बजे वह स्कूल बस से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने बस चालक से अकबराबाद चौराहे पर उतारने का आग्रह किया, जिसके बाद वह वहीं उतर गया। इसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा।
परिजनों के मुताबिक, अनिकेत की चचेरी बहन परी, जो उसी स्कूल बस में सवार थी, ने घर पहुंचकर बताया कि अनिकेत अकबराबाद चौराहे पर उतर गया था। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की सूचना मिलते ही सहसवान पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस छात्र की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को छात्र के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तत्काल कोतवाली सहसवान या परिजनों को सूचना दें।
संपर्क नंबर:
कोतवाली सहसवान (सीयूजी): 9454402947
परिजन: 9458772136


























