बदायूं। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद प्रभारी एवं प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, जनजागरूकता गतिविधियों तथा सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रमों का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिल सके।

इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर प्रभारी मंत्री ने आवश्यक सुझाव देते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here