भव्य श्रृंगार, विशेष पूजन और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, देर शाम होगी सामूहिक हनुमान चालीसा




बदायूं। शहर के सर्राफा बाजार स्थित प्राचीन 84 घंटा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास का पांचवां बड़ा मंगल पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और जय श्रीराम तथा जय हनुमान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पर्व के अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने विधि-विधान से भगवान श्री हनुमान का विशेष पूजन-अर्चन कराया। प्रातःकाल हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का लेपन कर आकर्षक चोला अर्पित किया गया। इसके बाद चांदी के वर्क, नवीन वस्त्रों और आभूषणों से उनका भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसकी छटा देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।
विशेष श्रृंगार के उपरांत आरती उतारी गई तथा लड्डू एवं गुड़-चना का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि भगवान श्रीराम के परम प्रिय भक्त श्री हनुमान कलियुग के जागृत देव माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ मास के मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन श्रद्धापूर्वक हनुमान जी की पूजा-अर्चना करने से वे शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों के रोग, शोक, भय एवं जीवन की विभिन्न बाधाओं को दूर करते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि शाम 7:30 बजे मंदिर में श्री हनुमान जी की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर नीरज रस्तोगी, शालिनी वैश्य एवं अंकित वैश्य द्वारा नवीन वस्त्र एवं आभूषणों की सेवा कराई गई तथा गुड़-चना और लड्डुओं का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में राजकुमार सिंह सेंगर, रामगोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, नरेश प्रजापति, राजीव सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


























