बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने मंगलवार को नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा जनपद के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष तथा प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास क्षेत्रों के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, तहसील प्रभारी एवं संघर्ष समिति के पदाधिकारी शामिल हुए।

इस अवसर पर संजीव शर्मा ने नवागत बीएसए के समक्ष शिक्षकों और शिक्षिकाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे रखे। उन्होंने मातृत्व अवकाश से संबंधित प्रकरणों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, भविष्य निधि धनराशि, पेंशन तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के देयकों के समयबद्ध निस्तारण की मांग करते हुए कहा कि इन मामलों के शीघ्र समाधान से शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों से संबंधित सभी कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा और ऐसा कोई भी निर्णय या कार्य नहीं किया जाएगा जिससे शिक्षकों के सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

बीएसए ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों का संरक्षण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संगठन के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने तथा समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, विभिन्न तहसीलों के प्रभारी, समस्त विकास क्षेत्रों के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष तथा संघर्ष समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here